झाँसी : जनपद की छोटी-छोटी मण्डियां सक्रियता से होगी संचालित

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों के हित की बात की और उनके विकास हेतु..

झाँसी : जनपद की छोटी-छोटी मण्डियां सक्रियता से होगी संचालित

किसान और गांव समृद्ध होगा तो देश समृद्ध होगा : मण्डलायुक्त

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों के हित की बात की और उनके विकास हेतु कार्य किये। नए कृषि कानून के तहत अब किसान कहीं भी अपनी फसल बेच सकता है और अधिक मुनाफा कमा सकता है। जनपद की छोटी-छोटी मण्डियां भी अब सक्रियता से संचालित होंगी।
यह बातें मुख्य अतिथि विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत ने बुधवार को सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना अंतर्गत पूर्व प्रधानमंत्री स्व.चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस पर आयोजित किसान सम्मान दिवस में संम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में शौचालय निर्माण, आवास निर्माण में आ रही शिकायतों को दूर करते हुए पात्र को लाभ दिलाए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मंडियां समाप्त नहीं होंगी।
अध्यक्षता करते हुए मण्डलायुक्त सुभाष चन्द्र शर्मा ने कहा कि मंच से महिला किसान का संबोधन समाज में महिलाओं की हिस्सेदारी प्रदर्शित करता है। महिलाएं खेती में कई गुना सहयोग करती है। यदि ऐसा न करें तो खेती संभव नहीं होगी।
किसान और गांव समृद्ध होगा तो देश समृद्ध होगा। कहा कि महिला समूह को प्रमोट करें। बलिनी समूह जनपद के अन्य विकास खंडों में भी गठित हो, ताकि महिला किसान स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बन सकें। मंडलायुक्त ने कहा कि मुर्गी पालन, भैंस पालन, मछली पालन भी खेती है। उन्होंने मंच से महिला किसान शीलू दुबे के उद्बोधन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए एक नई चेतना है।
खेती किसानी में महिला स्तर पर सहभाग करना अच्छी खेती के लिए महत्वपूर्ण है। महिला को खेती का ज्ञान एक विशेषज्ञ की तरह होता है, तभी वह खेत की मेड़ पर अरहर के बीज या अन्य पौधे लगाती है। जिससे आय में बढ़ोत्तरी हो और मेड़ सुरक्षित रहे।
जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने कहा कि स्व. चौधरी चरण सिंह सदा सादा जीवन उच्च विचार को अपनाते हुए किसान हित के कार्यों को लागू किया। शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचा है। उन्होंने किसानों को आधुनिकीकृत खेती करने का सुझाव देते हुए कहा कि अधिकारी किसानों को आधुनिक यंत्रों की जानकारी दें और उपलब्ध कराएं।
किसानों से कहा कि जनपद में छोटी-छोटी मंडिया हैं उन्हें कैसे संचालित किया जाए, सुझाव अवश्य दें। उन्होंने बताया कि हर न्याय पंचायत में नाबार्ड के माध्यम से हाट बाजार बनाया जाएगा, जहां महिला समूह के उत्पादों के साथ अन्य किसान अपने उत्पाद  भी बेच सकेंगे।
संयुक्त कृषि निदेशक एसएस चौहान ने बताया कि किसान सम्मान दिवस पर 32 किसान जनपद स्तर पर तथा 40 किसान विकास खंड स्तर पर पुरस्कृत किए गये। इस मौके पर भैरम सिंह, सचिव मंडी पंकज शर्मा, प्रभारी डीडी केके सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0