मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना की राशि 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये होगी : शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना में राज्य सरकार 4 हजार रुपये के स्थान पर अब 6 ..

मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना की राशि 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये होगी : शिवराज

भोपाल, 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना में राज्य सरकार 4 हजार रुपये के स्थान पर अब 6 हजार रुपये की राशि प्रतिवर्ष किसानों को प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये प्राप्त होते हैं। इस प्रकार अब किसानों को मिलने वाली यह राशि 12 हजार रुपये वार्षिक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। राज्य सरकार खाद-बीज के अग्रिम उठाव का तीन माह का ब्याज भी भरेगी। उन्होंने किसानों से कहा कि समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी शीघ्र ही शुरू होगी।



मुख्यमंत्री चौहान मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में राजगढ़ जिले में आयोजित किसान-कल्याण महाकुंभ को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना-2023 में 11 लाख किसानों के खाते में 2 हजार 123 करोड़ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 44 लाख 49 हजार किसान के खाते में 2 हजार 900 करोड़, मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना में 70 लाख 61 हजार किसान के खाते में एक हजार 400 करोड़, इस प्रकार 6 हजार 423 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।

यह भी पढ़ें- अभियान चलाकर अवैध खनन, ओवरलोड वाहनों के खिलाफ करें कार्यवाही: डीएम

मुख्यमंत्री ने "कैसी हो मेरी बहनों" के आत्मीय संबोधन से अपना उद्बोधन शुरू किया। उन्होंने रक्षा मंत्री का विशेष अंदाज में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत को रक्षा क्षेत्र में महाशक्ति बनकर उभारने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एक समय था जब छोटे-छोटे राष्ट्र भारत को आंख दिखाते थे, अब प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली बना है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के केंद्र सरकार के सफल 9 वर्ष पूर्ण हुए हैं। आमजन भी आज उनका अभिनंदन कर रहे हैं।

ट्रैक्टर धारक परिवार को भी लाड़ली बहना योजना का लाभ मिलेगा

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना में अब ऐसे परिवार भी लाभान्वित होंगे, जहाँ ट्रैक्टर हैं। योजना के प्रावधानों में पूर्व में तय किया गया था कि चार पहिया वाहन जिस परिवार के पास है, उस परिवार की महिला सदस्य को योजना में पात्रता नहीं होगी। अब ट्रैक्टर रखने वाले परिवार को भी लाड़ली बहना योजना का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि किसान-कल्याण महाकुंभ में बड़ी संख्या में किसान बंधु आये हैं। आज किसानों के सिर से ब्याज की राशि की गठरी उतारने का कार्य रक्षा मंत्री के हाथों हुआ है। पूर्व सरकार ने यह गठरी किसानों के सिर पर लादी थी। प्रदेश में किसानों से मूंग की खरीदी की पहल भी की गई है। सिंचाई का रकबा बढ़ने से किसान की हालत बदली है। कभी साढ़े सात लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षमता वाला मध्यप्रदेश अब 45 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई क्षमता बढ़ा चुका है। इसे आगे 65 लाख तक ले जाने का लक्ष्य है।

यह भी पढ़ें- बांदाःससुर ने इस वजह से दामाद के परिवार के चार सदस्यों की हत्या की थी

उन्होंने कहा कि राजगढ़ जिले में भी पूर्व सरकार ने सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं की थी। यहाँ तक कि 10 वर्ष तक मुख्यमंत्री रहे जन-प्रतिनिधि भी यह व्यवस्था नहीं कर सके थे। विद्युत आपूर्ति नहीं होती थी। घंटों तक बिजली बंद रहती थी। अब मध्यप्रदेश विद्युत के निर्माण में आत्म-निर्भर बना है। पूर्व सरकार ने सिंचाई और सड़क व्यवस्थाएं भी नहीं की थीं। किसानों के साथ छल किया गया। उन्हें राहत देने के लिए उनकी सूची तक तैयार नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सुखालिया परियोजना से प्रभावित किसानों का मुआवजा बढ़ाने का निर्णय भी लिया जाएगा। राजगढ़ और प्रदेश के किसी भी जिले के किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।

बहनों को लखपति बनाएंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार में बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 1000 रुपये, वृद्धावस्था पेंशन के हितग्राहियों को भी प्रतिमाह बढ़ी हुई राशि के साथ किसान सम्मान निधि की बढ़ी हुई राशि मिलने से परिवार को मजबूत आर्थिक सहारा मिलेगा। मेरा बहनों को लखपति बनाने का संकल्प है। उन्हें गरीब नहीं रहने दिया जाएगा।लाड़ली बहना योजना में धनराशि की व्यवस्था करते हुए 1000 रुपए से क्रमश: बढ़ाते हुए 3000 रुपये तक प्रत्येक बहन को प्रदान किए जाएंगे। महिलाओं की जिंदगी और तकदीर बदलना प्रमुख उद्देश्य है। बहनों और बेटियों के सपने पूरे होंगे।

कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। हमारी पार्टी ने जो भी वादे किए, एक-एक को पूरा करने का काम किया। नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के कारण भारत की राजनीति में विश्वास का संकट पैदा हुआ है। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने इस संकट को चुनौती के रूप में स्वीकार किया है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा को पहले से अधिक सीटें मिलेंगी।

यह भी पढ़ें- कूनो नेशनल पार्क से निकले दो चीते, बुन्देलखण्ड के इन जिलों हो सकते है दाखिल

प्रियंका पर तंज, बोले- अब कुछ लोग मौसमी हिंदू बन गए

रक्षा मंत्री ने कहा कि हम समाज बनाने, देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं। अब कुछ लोग मौसमी हिंदू बन गए हैं। नर्मदा जी की आरती करते हैं। पहले नर्मदा जी याद क्यों नहीं आईं? अब हनुमान जी का गदा लेकर मीटिंग कर रहे हैं। पहले राम और हनुमान का नाम लेकर लगता था कि इन पर पहाड़ टूट पड़ा है। आपको याद है हमने रामलला की भूमि पर मंदिर बनाने का संकल्प लिया, तब कांग्रेस की भूमिका क्या थी? हमने जो कहा था.. समय जरूर लगा है लेकिन अब राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया। 22 जनवरी को रामलला वहां पर स्थापित होंगे।


हि.स

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0